मृतकों के परिवार में मचा कोहराम, दौसा को रवाना
दौसा (राजस्थान)/लखनऊ: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में खाटू श्याम मंदिर से लौट रहे 11 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल हैं। यह सभी परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हादसा बैसई थाना क्षेत्र में सुबह लगभग 3:30 से 4 बजे के बीच का बताया जा रहा है। यात्रियों से भरी पिकअप गाड़ी ट्रेलर के पीछे जा टकराई। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल लगभग 20 लोगों में से 8 को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से 4 से 5 लोगों की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेजना शुरू कर दिया है।
इन मृतकों की शिनाख्त
हादसे की सूचना पर प्रशासन और पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने मृतकों की सूची जारी की है। इसमें पूर्वी (3 वर्ष), प्रियंका (25 वर्ष), दक्ष (5 वर्ष), शीला, अंशु (26 वर्ष), सीमा (23 वर्ष), मनोज (25 वर्ष), नैतिक (8 वर्ष), प्रियंका (पत्नी लाखन), रीता (26 वर्ष), लक्ष्य (7 वर्ष), नीरज (20 वर्ष), और सौरभ (26 वर्ष) बताए गए हैं। दौसा के कलेक्टर देवेंद्र कुमार और एसपी सागर राना मौके पर पहुंचे, और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की।
तीन दिन पहले भी हुआ हादसा
तीन दिन पहले भी इसी दौसा -मनोहरपुर नेशनल हाईवे पर टैंकर और कार की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे इन हादसों ने इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से डिवाइडर बनाने और सड़क चौड़ी करने की मांग कर रहे हैं।
सीएम ने जताया शोक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त कर जिला प्रशासन को घायलों के त्वरित व समुचित उपचार के निर्देश दिए।
