बरेली : यूपी के बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में बीएससी नर्सिंग की छात्रा के लापता होने से हड़कंप मच गया। मंगलवार को घर से कॉलेज के लिए निकली छात्रा का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें वह अपने माता -पिता को संबोधित करते हुए रिजल्ट फेल होने की बात कह रही है, और जहर पीने का दावा कर रही है। वीडियो सामने आने के बाद परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुट गए हैं। लापता छात्रा फरीदपुर, बकैनिया गांव की है। नेशनल हाईवे स्थित नर्सिंग कॉलेज की स्टूडेंट है। करीब 10 बजे पिता के मोबाइल पर वीडियो आया। इसमें वह कह रही है “पापा-मम्मी, मेरा रिजल्ट अच्छा नहीं आया, मैं फेल हो गई हूं… आप लोग डांटोगे, इसलिए जहर पी रही हूं।”
तरल पदार्थ पीने का वीडियो
स्टूडेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मगर, इसके बाद मोबाइल फोन बंद हो गया। लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की जा रही है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
परिजनों के उड़े होश
वीडियो देखने के बाद परिजनों के होश उड़ गए हैं। गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की जा रही है। फिलहाल छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला है।
