ओवरटेक के चक्कर में भीषण सड़क हादसा, परिवार में कोहराम
जौनपुर/ लखनऊ : बुधवार देर रात जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी बाजार में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। वाराणसी से शाहगंज जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई, और 24 से अधिक यात्री घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा तब हुआ जब रोडवेज बस ओवरटेक करने के चक्कर में गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई।
मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
इस हादसे में मृतकों में 3 पुरुष, 1 महिला और 1 बच्चा शामिल है। 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे, और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए और घटना की जांच कराने की बात कही। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिए हैं। इसके साथ ही मृतकों की शिनाख्त की कोशिश जारी है।
गंभीर घायलों को ट्रामा सेंटर किया रेफर
हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने गंभीर घायलों में से 6 को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि एक को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस हादसे के कारण की जांच में जुटी है।
