अलीगढ़/लखनऊ : यूपी के अलीगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को हिला देने वाली घटना सामने आई है। थाना दादों क्षेत्र के आलमपुर चौराहे पर ग्राम प्रधान देवेंद्र और उसके साथियों पर उपनिरीक्षक (SI) राजवीर सिंह पर हमला कर उनकी खाकी वर्दी फाड़ने का आरोप है। यह घटना तब हुई, जब दरोगा राजवीर एक मुकदमे की विवेचना के लिए मौके पर पहुंचे थे। मौके पर मौजूद सूत्रों के अनुसार, प्रधान और दरोगा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि प्रधान और उसके गुर्गों ने सरकारी कार्य में बाधा डालकर दरोगा को लात -घूंसों से पीटा और उनकी वर्दी फाड़ दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस घटना के बाद पुलिस बल पहुंच गया। घायल SI को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। यहां उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की हैं।
जाने अलीगढ़ पुलिस का बयान
पुलिस की तरफ से ट्विटर पर बयान आया है, इसमें बताया कि ग्राम प्रधान देवेंद्र और उसके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और अभद्रता की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि देवेंद्र पहले भी SI राजवीर के साथ दुर्व्यवहार कर चुका है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
