लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद की मूल भावना के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को बदनाम करने की साजिश कर रही है, और युवाओं के बीच फूट डालने की राजनीति कर रही है। सपा के राज्य मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को भाजपा के “जाल” में नहीं फंसना है और नकारात्मक राजनीति से दूर रहना है। उन्होंने संगठन में एकजुटता और आपसी तालमेल को मजबूत करने पर जोर दिया।

लोहिया और अम्बेडकर के सिद्धांतों पर अडिग रहने का दावा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी राम मनोहर लोहिया और बाबा साहब डॉ.बीआर अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पीडीए का रास्ता ही सामाजिक न्याय का विकल्प है, और यही भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेगा
सपा का विधानसभा चुनाव पर फोकस
उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर “विध्वंस और नफरत की राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी विकास, किसान-गरीब-नौजवानों को आगे बढ़ाने और प्रदेश की तरक्की की राजनीति करती है।उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार के पास अपना कोई विकास कार्य नहीं है, और वह समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुए कार्यों को अपना बताती है।
गोरखपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यनगरी गोरखपुर में लोगों की आंखों की रोशनी तक प्रभावित हो रही है, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर दौरे केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं, और जमीनी हालात की समीक्षा नहीं हो रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “चिराग तले अंधेरा” की स्थिति है और इस बार जनता गोरखपुर में भी जवाब देगी।
स्वास्थ्य मंत्री, और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
पूर्व सीएम ने स्वास्थ्य मंत्री और विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं की दुर्दशा के लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही और प्रभावी नियंत्रण का अभाव है, जिससे आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सपा ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग की है।
चुनाव आयोग को सौंपे ज्ञापन पर अखिलेश का भरोसा,Form-7 में गड़बड़ियों का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव आयोग को सौंपा गया सपा प्रतिनिधिमंडल का ज्ञापन लोकतंत्र में न्याय की उम्मीद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कभी -कभी सत्ताधारी दल के दबाव में अधिकारी गलत फैसले लेने को मजबूर होते हैं, लेकिन उन्हें ‘पंच परमेश्वर’ की निष्पक्षता की भावना पर भरोसा है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में Form-7 से जुड़ी “अनगिनत धांधलियों और गड़बड़ियों” का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने ठोस साक्ष्य चुनाव आयोग के सामने रखे हैं।
चुनाव आयोग पर कार्रवाई का भरोसा
एसपी चीफ ने कहा कि विश्वास है कि आयोग निष्पक्ष निर्णय लेते हुए दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने जैसे कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपने गौरवशाली अतीत और निष्पक्ष भूमिका को कायम रखेगा, तभी लोकतंत्र और संस्थाओं की विश्वसनीयता सुरक्षित रहेगी।
मेरठ के 3 मेधावी छात्रों को दिए लैपटॉप
सपा प्रमुख ने बुधवार को मेरठ जिले के तीन इंजीनियरिंग छात्रों को लैपटॉप भेंट किए। ये लैपटॉप सिवाल खास, मेरठ के गौरव चौधरी द्वारा उपलब्ध कराए गए। लैपटॉप पाने वाले छात्रों में कुनाल (बीटेक प्रथम वर्ष, ग्राम रोहटा), अभिषेक (बीटेक प्रथम वर्ष, ग्राम मीरपुर) और मोहम्मद कैप (बीसीए प्रथम वर्ष, कस्बा लावड़) शामिल हैं। अखिलेश यादव ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर किसान नेता हरेंद्र ताऊ भी मौजूद रहे।
