बरेली: थाना सिरौली पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जब्त की गई अवैध शराब को कोर्ट के आदेश पर नष्ट कर दिया। वर्ष 2025 में दर्ज 20 मुकदमों में बरामद कुल 95.78 लीटर कच्ची और देशी शराब का विनिष्टीकरण किया गया। एसीजेएम कोर्ट आंवला ने 19 जनवरी को शराब नष्ट करने का आदेश दिया था। इसी आदेश के अनुपालन में आज थाना सिरौली परिसर में कार्रवाई की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट की गई शराब
यह पूरी प्रक्रिया उपजिलाधिकारी तहसील आंवला द्वारा गठित टीम के निर्देशन में हुई। मौके पर क्षेत्राधिकारी मीरगंज, नायब तहसीलदार आंवला, आबकारी निरीक्षक आंवला और थानाध्यक्ष सिरौली मौजूद रहे। नियमों के अनुसार थाना परिसर में गड्डा खुदवाकर जब्त शराब को नष्ट किया गया। कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
रिकॉर्ड में दर्ज हुई
शराब नष्ट करने के बाद निस्तारित माल की पूरी जानकारी थाना रिकॉर्ड में दर्ज कर दी गई। साथ ही अदालत के आदेश को मालखाना रजिस्टर में लगा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
