सपा प्रमुख अखिलेश बोले-BJP हटेगी तभी युवाओं को मिलेगी नौकरी, सरकार विवादों में उलझाकर रोजगार से ध्यान हटा रही, इराक के प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा के एजेंडे में नौकरी और रोजगार है ही नहीं। नौजवानों को सिर्फ धोखा दिया गया है।’’उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों के प्रस्तावित आंदोलन को नैतिक समर्थन देने की घोषणा की और कहा कि यह राजनीति नहीं, युवाओं के भविष्य की लड़ाई है।
“शिक्षा विभाग से लेकर सरकारी विभागों में हजारों पद खाली, BJP भर्तियां रोककर बैठी है”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली हैं,लेकिन भाजपा सरकार जानबूझकर इन्हें नहीं भर रही। उन्होंने कहा कि लाखों नौजवान सालों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सरकारी भर्तियां ठप होने से वे निराश और हताश हो चुके हैं।
“युवाओं से झूठे वादे… समाज को बांटने की राजनीति में व्यस्त है BJP”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा रोजगार पर बात नहीं करती क्योंकि उसके पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा “भाजपा विवाद उत्पन्न करने वाली पार्टी है। समाज को बांटकर, झगड़ा लगाकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाती है।”उन्होंने साफ किया कि सपा की प्राथमिकता हमेशा युवाओं, छात्र -नौजवानों और प्रतियोगी परीक्षाओं की दिशा में काम करना रहा है, और आगे भी रहेगा।
अखिलेश यादव से मिले ईराक के शीर्ष आध्यात्मिक प्रतिनिधि, कहा- “भारत को आपके नेतृत्व से तरक्की मिलेगी”
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से गुरुवार को नजफ़ (ईराक) के सम्मानित आध्यात्मिक नेता अयातुल्ला शेख मोहम्मद याकूबी के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मौलाना जावेद आब्दी कर रहे थे। इस दौरान भारत-ईराक के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और व्यापारिक संबंधों पर विस्तृत चर्चा हुई। ईराकी प्रतिनिधियों की प्रशंसा “अखिलेश यादव सबको साथ लेकर चलने की क्षमता रखते हैं”प्रतिनिधियों ने कहा कि ईराक में भी अखिलेश यादव लोकप्रिय हैं और भारत उनके नेतृत्व में तरक्की कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अखिलेश के संसद भाषणों का अरबी में अनुवाद कराने की व्यवस्था की जाएगी ताकि ईराकी सांसद भी उनसे सीख सकें।
भारत-ईराक रिश्तों को मजबूत करने पर जोर

ईराकी नेताओं ने बताया कि उनके देश में पेट्रोल उत्पादन पर्याप्त है और दोनों देशों के बीच व्यापारिक व सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत किया जाना चाहिए। अखिलेश यादव बोले- “भारत वसुधैव कुटुम्बकम् का देश, दुनिया एक परिवार”समाजवादी अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति भाईचारे, मेलमिलाप और न्याय पर आधारित है।उन्होंने कहा- “हर धर्म धैर्य और इंसाफ सिखाता है। जब सबको बराबरी और मोहब्बत मिलेगी, तभी दुनिया में अमन-चैन आएगा।”
सपा सरकार के जनकल्याण कार्यों का उल्लेख
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल के प्रमुख फैसलों की याद दिलाई। इसमें महिलाओं को पेंशन, छात्राओं को फ्री साइकिल, लैपटॉप वितरण, अस्पतालों में फ्री इलाज और गंभीर बीमारियों की चिकित्सा, 108 एम्बुलेंस सेवा, महिला सुरक्षा के लिए 1090 सेवा, ईराक यात्रा का निमंत्रण भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने समाजवादी सरकार में किए गए जनहित कार्यों की सराहना की और अखिलेश यादव को ईराक यात्रा का आमंत्रण दिया।
सपा ने निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

सपा ने यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एसआईआर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों का आरोप लगाया है। सपा ने बांदा, मैनपुरी और वाराणसी के कई विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ पर फर्जी हस्ताक्षर, मनमानी गणना प्रपत्र भरने और मतदाताओं को गलत तरीके से ‘कैटेगरी C’ में डालने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि 2003 की मतदाता सूची में मौजूद कई मतदाताओं के नाम अचानक गायब कर दिए गए, जबकि इन लोगों ने लोकसभा चुनाव 2024 में मतदान भी किया था। सपा का आरोप है कि इससे मतदाताओं को अनावश्यक नोटिस और परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और एसआईआर की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सपा नेताओं में के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
