दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर खौफनाक घटना, CCTV में कैद
बरेली/ हापुड़ : दिल्ली वाया बरेली-लखनऊ हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने ढाबे की टेबल पर रखे चाकू से अपना ही गला काटकर आत्महत्या कर ली। यह दिल दहला देने वाली घटना ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।घटना के बाद हाईवे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खाना खाने के लिए ढाबे पर रुकी थी बस
जानकारी के अनुसार, घटना हापुड़ जिले के दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अठसेनी गांव के पास स्थित एक प्रधान ढाबे की है। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे यात्रियों से भरी एक गाड़ी वहां खाना खाने के लिए रुकी थी। गाड़ी में सवार लोग सफर की थकान दूर करने के लिए ढाबे के अंदर बैठे थे। इन्हीं यात्रियों में 30 वर्षीय सलमान भी शामिल था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय तक सब कुछ सामान्य था और लोग खाना ऑर्डर कर रहे थे।
अचानक बदला व्यवहार, टेबल से उठाया चाकू
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक सलमान का व्यवहार बदल गया। वह ढाबे में रखी टेबल के पास गया और वहां रखा चाकू उठा लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने उसी चाकू से अपनी ही गर्दन पर वार करना शुरू कर दिया।
गला काटते हुए ढाबे से बाहर भागा
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सलमान ने गला रेतते हुए ढाबे के अंदर से बाहर की ओर दौड़ लगा दी।कुछ ही सेकंड में उसकी गर्दन से तेज़ी से खून बहने लगा। बाहर निकलते ही वह लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। ढाबे पर मौजूद लोग जब तक उसे संभालने या अस्पताल ले जाने की कोशिश करते, तब तक अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दिल्ली में सैलून पर करता था काम
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। तलाशी और पहचान के बाद मृतक की पहचान बरेली जिले के थाना शाही क्षेत्र के गांव दुनका निवासी सलमान (30 वर्ष) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि सलमान दिल्ली में एक हेयर सैलून पर काम करता था और गुरुवार रात बस से अपने गांव बरेली लौट रहा था। रास्ते में गाड़ी खाना खाने के लिए ढाबे पर रुकी थी, तभी यह दर्दनाक घटना हो गई।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। परिजन इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर सलमान ने ऐसा कदम क्यों उठाया। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ढाबे पर लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। साथ ही ढाबे के कर्मचारियों और अन्य यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है।
