जशपुर : जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब झारखंड से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्रशासन के अनुसार अनमोल बस क्रमांक CG 14 G 0263 झारखंड के कुरडेग क्षेत्र से कुनकुरी की ओर आ रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजकर 45 मिनट पर कुरडेग चौकी क्षेत्र के गोड़अंबा गांव के पास ढलान के दौरान अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। बताया जा रहा है कि बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे और सभी अपने-अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ढलान पर आते ही बस की रफ्तार अचानक तेज हो गई। इसी दौरान बस में बैठे एक यात्री ने चालक से बस रोकने के लिए कहा, लेकिन तभी कंडक्टर ने चिल्लाकर बताया कि बस का ब्रेक फेल हो गया है। कुछ ही क्षणों में चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका और बस अनियंत्रित होकर पास ही एक निर्माणाधीन मकान के समीप पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस पलटने के कारण कई यात्री उसके अंदर फंस गए और मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी हरकत में आ गई और मौके पर तीन एम्बुलेंस भेजी गईं।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। गोड़अंबा गांव के निवासी दिगंबर यादव ने सबसे पहले लोगों को इकट्ठा कर घायलों को निकालने का प्रयास किया। उनके साथ सरपंच पति शिवशंकर साय, उपसरपंच दशरथ प्रसाद यादव और प्रभाशंकर यादव ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और प्रशासन को तुरंत सूचना दी। जेसीबी मशीन की मदद से बस को हटाकर उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
कुनकुरी के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. श्रीमती के. कुजूर ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में पति-पत्नी और पिता-पुत्र भी शामिल हैं, जिससे हादसे की दर्दनाक तस्वीर और भी स्पष्ट हो जाती है। मृतकों में महेश राम, उनकी पत्नी बिमला, संपति देवी, दिगेश्वर और पांच महीने का मासूम घनश्याम शामिल हैं। घायलों का इलाज फिलहाल कुनकुरी और जिला अस्पतालों में जारी है। कुल 13 घायलों का स्थानीय अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय भी कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर इलाज और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रशासन की ओर से भी राहत और बचाव कार्य जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बस का ब्रेक फेल होना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
