RSS पर फिर तगड़ा हमला! सपा प्रमुख बोले – “ChatGPT भी बता दे कि सरदार पटेल ने RSS पर बैन लगाया था
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी सरकार पर कई तीखे हमले किए। अखिलेश ने कहा कि “कानपुर वाले अखिलेश दुबे को भी इस डर से जिंदा रखा गया है, ताकि सच बाहर न आ सके। अगर सच सामने आ गया तो सरकार की पोल खुल जाएगी।”
मेरठ और कानपुर के मुद्दों पर सरकार को घेरा

मेरठ के सेंट्रल मार्केट विध्वंस पर अखिलेश यादव ने कहा कि “मुझे बताया गया कि सपा सरकार में भी इस पर फैसला आया था, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हुई थी। अब जब उन्होंने बीजेपी को वोट दिया, तो रिटर्न गिफ्ट के तौर पर मार्केट तोड़ दिया गया।” उन्होंने कहा कि यूपी में आज हालात ऐसे हैं कि हर जगह भ्रष्टाचार फैला है, चाहे विश्वविद्यालयों में नियुक्तियां हों या कानपुर में चल रहा सरकारी तंत्र, हर जगह घोटाले उजागर हो रहे हैं।
RSS और ChatGPT पर दिया तंजभरा बयान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के RSS बैन वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा, “आप ChatGPT से पूछिएगा, तीन बार RSS बैन हो चुका है। सरदार पटेल ने RSS और हिंदू महासभा दोनों पर प्रतिबंध लगाया था। अब अगर ChatGPT ये बता रहा है, तो क्या उसे भी बैन करेंगे?” उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, आजकल मुख्यमंत्री बच्चों से खेल रहे हैं। अगर ChatGPT से पूछ लिया जाए कि ‘ओसामा’ का दूसरा नाम क्या है, तो वह ‘शेर सिंह’ बता देगा। नाम अच्छा नहीं लगता तो नाम बदल देते हैं।
गोरखपुर और भ्रष्टाचार के मामलों पर निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर पर तंज कसते हुए कहा कि “कभी कहा गया था कि गोरखपुर को ‘स्पेन’ जैसा बनाया जाएगा, लेकिन आज वहां न जाने कितना गांजा पकड़ा जा रहा है। भाजपा सरकार जनता की इमेज डैमेज करने में पैसा बहा रही है।” उन्होंने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है, “बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। पुलिस अधिकारी तक भ्रष्टाचार में पकड़े जा रहे हैं। पूरे प्रदेश में भय और भ्रष्टाचार का माहौल है।”
सरदार पटेल की जयंती पर संकल्प- 2027 में सपा की सरकार बनेगी

इससे पहले, समाजवादी पार्टी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती को प्रदेशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय पर अखिलेश यादव ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया। अखिलेश यादव ने कहा, “हम सरदार पटेल के दिखाए रास्ते पर चलकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करेंगे। सपा सरकार बनने पर युवाओं के लिए सरदार पटेल के नाम पर एक आधुनिक और तकनीकी यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी।
RSS पर फिर तीखा वार
अखिलेश यादव ने कहा कि “लौह पुरुष सरदार पटेल ने RSS पर प्रतिबंध लगाया था क्योंकि वह नफरत फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहे थे। आज भाजपा उन्हीं पटेल के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। भाजपा देश की एकता के लिए खतरा है और इसने भारत को कमजोर किया है।”
चीन और अर्थव्यवस्था पर मोदी सरकार पर सवाल
उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति और आर्थिक नीति पर सवाल उठाते हुए कहा, “भाजपा सरकार देश की सीमाओं की रक्षा नहीं कर पा रही है। चीन हमारी जमीन पर कब्जा कर रहा है और सरकार चुप है। बताइए, 2014 में भारत का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना बचा है?। अमेरिका हमारे व्यापार पर टैक्स बढ़ा रहा है और प्रधानमंत्री पर टिप्पणी कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार के पास कोई जवाब नहीं है।”
कार्यक्रम में सपा नेताओं की मौजूदगी

इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं कवि उदय प्रताप सिंह, राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, नरेश उत्तम पटेल, लालजी वर्मा, एसपी सिंह पटेल, उत्कर्ष वर्मा, अरविंद कुमार सिंह, नरेंद्र वर्मा, विधायक आरके वर्मा, संदीप वर्मा, अनिल वर्मा, एचएन सिंह पटेल, कांति सिंह, डॉ. आशुतोष वर्मा, आरके चौधरी, शिक्षक सभा के अध्यक्ष एसपी सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रितेश पटेल ने किया।
