एसपी चीफ बोले-मरीज भटक रहे, अस्पतालों में स्टाफ गायब, बजट का बंदरबांट जारी
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय से जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा सरकार ने यूपी की स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। जनता परेशान है, लेकिन सरकार झूठे दावों और प्रचार में लगी है।”

औरैया से अमेठी तक हालात खराब : अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि औरैया के 420 बेड मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का भी स्टाफ मौजूद नहीं। अमेठी में प्रतिबंध के बावजूद बाहर की दवाएं लिखी जा रही हैं। पीलीभीत जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने में एक महीने तक की देरी है। उन्होंने कहा कि ये उदाहरण बताते हैं कि सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य नहीं, बल्कि “बजट की लूट और कमीशनखोरी” है।
“किराए के अस्पतालों का महीनों से किराया नहीं दे पा रही सरकार”
SP अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई स्वास्थ्य केंद्र किराए की इमारतों में चल रहे हैं,लेकिन सरकार महीनों से किराया तक नहीं दे रही। अस्पतालों में सामान की खरीद में भारी कमीशनखोरी हो रही है। उनका कहना था कि राजधानी लखनऊ जैसे बड़े शहरों में भी गंभीर मरीजों को बेड और वेंटिलेटर के लिए भटकना पड़ रहा है।
डॉक्टरों और नर्सों के हजारों पद खाली
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डॉक्टर, नर्स और तकनीकी कर्मचारियों के हजारों पद खाली हैं। 9 साल से भाजपा सत्ता में है, लेकिन कमी आज भी जस की तस है। मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में संसाधनों का घोर अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि मरीजों की जांच के लिए सप्ताहों और महीनों तक इंतजार करना पड़ता है।
“एम्बुलेंस व्यवस्था भी टूट चुकी-एक मासूम की मौत इसका उदाहरण”
पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में एम्बुलेंस सेवा भी चौपट हो गई है।
उन्होंने मुडेरवा की घटना का जिक्र किया, जहां एंबुलेंस देर से आने के कारण एक मासूम की मौत हो गई। उन्होंने कहा-“यह सरकार जनता के बीच अपना दम तोड़ चुकी है, बस बेईमानी करके चुनाव जीत रही है।”
“पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी-SP अध्यक्ष का आरोप
अपने बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में हर विभाग भ्रष्टाचार में लिप्त है,जनता परेशान है,लेकिन सरकार समस्याओं को हल करने के बजाय वोट हथियाने में लगी है। उन्होंने कहा-“जनता के हित में कोई काम नहीं हो रहा। भाजपा सरकार का कुशासन ही जनता की परेशानियों की जड़ है।”
