पटना: जनता दल (यू) के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक बार फिर नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है। बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री आवास पर जदयू विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया। जदयू के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने कहा कि बिहार की जनता ने अपना नेतृत्व स्पष्ट कर दिया है मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी की पहली और अंतिम पसंद नीतीश कुमार ही हैं। नई सरकार में मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल पर रजक ने कहा कि अंतिम निर्णय नीतीश कुमार ही लेंगे। बैठक से पहले जदयू विधायक मनोरमा देवी ने भी कहा कि “आज का दिन बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नीतीश कुमार हमारे अभिभावक हैं और वह सभी वर्गों के विकास के लिए काम करेंगे।”
भाजपा ने सम्राट चौधरी को चुना विधायक दल का नेता
उधर, भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की बैठक पार्टी मुख्यालय में हुई, जहाँ सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया, यानी वह डिप्टी सीएम पद संभालेंगे। इसके साथ ही विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया, जिन्हें दूसरे डिप्टी सीएम के रूप में देखा जा रहा है।
इस प्रस्ताव का समर्थन प्रेम कुमार, राम कृपाल यादव, कृष्ण कुमार ऋषि, संगीता कुमारी, अरुण शंकर प्रसाद, मिथिलेश तिवारी, नितिन नवीन, वीरेन्द्र कुमार, रमा निषाद, मनोज शर्मा और कृष्ण कुमार मंटू ने किया। सूत्रों के अनुसार, भाजपा दोनों डिप्टी सीएम पद अपने पास रखने की योजना में है, लेकिन 19 सीटें जीत कर आए चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक डिप्टी सीएम और तीन मंत्री पद की मांग कर रही है। दिल्ली में हुई बैठक में इस पर सहमति नहीं बन पाई।
3:30 बजे NDA की अहम बैठक
दोपहर 3.30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए की संयुक्त बैठक होगी। इसमें भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और लोक जनशक्ति पार्टी के सभी नव-निर्वाचित विधायक शामिल होंगे। बैठक में नीतीश कुमार, चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा मौजूद रहेंगे। इधर, कुछ ही देर में गृहमंत्री अमित शाह भी पटना पहुंचेंगे और वह भाजपा की बैठक में भाग लेंगे।
