सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले -भाजपा की नीयत में खोट, संविधान मिटाने का षड्यंत्र… फर्जी मुठभेड़, अवैध कब्जे और बुलडोज़र की नाइंसाफी बढ़ी’
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सरकार पर सबसे तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और देश में “भ्रष्टाचार, बेइमानी और लूट चरम पर है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ‘संविधान और कानून के शासन को खत्म कर रही है’ और लोकतंत्र को “बंधक बनाकर” सत्ता चला रही है। इसके साथ ही सपा कार्यालय से सपा प्रमुख की तरफ से जारी पत्र में तमाम आरोप लगाए हैं।
“भाजपा की नीयत में खोट, हर काम में भ्रष्टाचार”- अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता का खुला दुरुपयोग कर रही है और शासन तंत्र को अपने राजनीतिक हितों के लिए मोड़ चुकी है। उनके अनुसार- भाजपा सरकार चुनावी प्रक्रिया में धांधली करती है, पैसा बांटकर चुनाव लड़ती है, साम्प्रदायिक भाषणबाजी से समाज में ज़हर घोल रही है। फर्जी मुठभेड़ों में कई जगह पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज, जमीनों पर अवैध कब्जे,अवैध खनन और वन कटाई में तेजी,और हर विभाग में “भ्रष्टाचार की गारंटी” सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में मौतों के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है और निवेश करने वालों से “कमीशन” मांगा जा रहा है।
“संविधान को मिटाने का षड्यंत्र, आरक्षण पर हमला”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा “भाजपा सरकार आरक्षण को खत्म करने की चालबाज़ी कर रही है। भर्ती और नौकरी खत्म करने की साजिश चल रही है। झूठे दावों का बेशर्मी से प्रचार हो रहा है और बुलडोज़र से नाइंसाफी बढ़ रही है।”उन्होंने कहा कि भाजपा का शासन पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) वर्गों पर अन्याय और अत्याचार का प्रतीक बन चुका है।
“जनता सब देख रही है… आने वाले समय में BJP को सबक मिलेगा”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को अब “कोई लोकलाज नहीं है” और उसने लोकतंत्र व कानून को मजाक बनाकर रखा है। सपा अध्यक्ष के अनुसार जनता भाजपा की “नकारात्मक कार्यप्रणाली और अन्यायपूर्ण नीतियों” को भलीभांति समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया। “आने वाले समय में जनता भाजपा को ऐसा सबक सिखाएगी जिसे वह भूलेगी नहीं।”
