बरेली : शहर के थाना बारादरी क्षेत्र के जोगी नवादा वार्ड 33 में लगातार बढ़ते जलभराव ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सोमवार को क्षेत्र के सैकड़ों लोग एकजुट होकर नगर आयुक्त से मिले और जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर एक लिखित शिकायती पत्र सौंपा।
मुख्य सड़क नीची, हर दिन तालाब जैसा नज़ारा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड की मुख्य सड़क आसपास की सड़कों की तुलना में नीची है, जिसके कारण हल्की बारिश हो या गंदे नाले का ओवरफफ्लो पूरा इलाका पानी में डूब जाता है। यह जलभराव कई-कई दिनों तक रहने से गंदगी, बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है।
बच्चे गिरकर चोटिल, बुज़ुर्गों के लिए बाहर निकलना नामुमकिन
निवासियों ने बताया कि सड़कों पर भरे गंदे पानी से बच्चों का स्कूल जाना बाधित हो रहा है। कई बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल हुए हैं। वहीं, बुज़ुर्गों और महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। एक स्थानीय निवासी ने बताया “गंदा पानी कमर तक भर जाता है… बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, रोजमर्रा की जिंदगी रुक गई है। वार्ड में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।”
प्रशासन की अनदेखी पर नाराज़गी, समाधान की मांग
क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त से तुरंत इन समस्याओं का समाधान करने की मांग की कि जल निकासी की उचित व्यवस्था, मुख्य सड़क का समतलीकरण और मरम्मत, नालों की नियमित सफाई, गंदे पानी के रुकाव को रोकने के लिए वैकल्पिक ड्रेनेज प्लान, लोगों ने चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
“अब बस! समस्या का समाधान चाहिए- निवासियों की आवाज़ प्रशासन तक पहुँची
शिकायत पत्र में दर्ज किया गया है कि कई बार शिकायतों के बावजूद जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि इस बार नगर निगम इस गंभीर मुद्दे पर ठोस कार्रवाई करेगा।
