लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को BBD यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में एक अनोखा किस्सा साझा करते हुए कहा कि G-20 समिट के बाद कार्यक्रम स्थल के आसपास लगाए गए गमलों को कुछ लोग मर्सिडीज कार में रखकर ले गए। योगी ने कहा, “अब सोचिए—मर्सिडीज की कीमत और एक गमले की कीमत! अगर हम कार्रवाई करते, तो लोग कहते कि गमला चोर पकड़ रहे हैं। इसलिए हमने उन्हें बुलाकर CCTV फुटेज दिखाया।”
समारोह में दो बैच के 5,746 छात्रों को उपाधियां और मेडल वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने छात्रों को AI (Artificial Intelligence) के महत्व पर जोर देते हुए कहा—“AI आवश्यकता है, लेकिन इसे आप नियंत्रित करें… ऐसा न हो कि वह आपको चलाने लगे।”मंच पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं के गुस्से को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में कहा—“पत्नी गुस्सा हो तो उसकी सुनो।”
2017 से पहले बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब थी और लोग निवेश से कतराते थे।“आज स्थिति बदल चुकी है। त्योहार—होली, दिवाली, ईद, बकरीद—सब शांति से मनाए जा रहे हैं। कानून व्यवस्था मजबूत हुई तो निवेश की बाढ़ आ गई। पहले 5 साल में 50 हजार करोड़ मिलना मुश्किल था, अब 8 साल में 45 लाख करोड़ का निवेश आया है।”
यूपी आज देश का ‘टॉप अचीवर’: CM योगी
योगी ने कहा कि आजादी के समय देश की अर्थव्यवस्था में यूपी का योगदान 14% था जो 2017 आते-आते 8% पर आ गया।“हमारी सरकार ने मेहनत की और आज यूपी देश का टॉप अचीवर बन गया है।” उन्होंने BBD यूनिवर्सिटी की स्थापना का ज़िक्र करते हुए कहा कि पहले निजी विश्वविद्यालयों को महज 10 एकड़ में स्वीकृति दे दी जाती थी, जबकि स्वर्गीय अखिलेश दास ने खुद 100 एकड़ भूमि जुटाकर यह यूनिवर्सिटी बनाई।“आज किसी के लिए इतनी जमीन जुटाना आसान नहीं है।”
‘पाकिस्तान को दहलाने वाली ब्रह्मोस लखनऊ में बनी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान में दहशत पैदा करने वाली ब्रह्मोस मिसाइल लखनऊ में तैयार हुई है। “ब्रह्मोस यूनिट को मुफ्त में जमीन दी गई। जब यह पूरी क्षमता से चलेगी, तो हर साल 500–600 करोड़ रुपये का GST प्राप्त होगा।” उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान के होश उड़ाने वाले ड्रोन भी यूपी में ही बनाए गए हैं “ये हमारे युवाओं की बुद्धिमत्ता की उपज हैं।” योगी ने विश्वविद्यालय को उभरती तकनीकों को पाठ्यक्रम में शामिल करने और शॉर्ट टर्म टेक्नोलॉजी कोर्स शुरू करने की सलाह दी।
