बारादरी पुलिस की बड़ी सफलता, 604 ग्राम अवैध अफीम, बाइक और मोबाइल बरामद
बरेली : यूपी के बरेली जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 604 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
कैसे हुआ खुलासा?, रात में गुप्त सूचना, घेराबंदी और भागते तस्कर
पुलिस ने मीडिया को बताया कि 16/17 नवंबर की रात पुलिस नियमित गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि रुहेलखण्ड छात्रावास के पास बाली रोड पर दो व्यक्ति भारी मात्रा में अफीम बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही दोनों तस्कर घबरा गए और भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरा अंधेरे में फरार हो गया।
गिरफ्तार तस्कर कौन? कहाँ से लाते थे अफीम?, पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर सोनू पुत्र झब्बूलाल निवासी पुराना शहर, सहसवानी टोला, वार्ड नं. 40, बरेली हैं। मगर, जितेश कश्यप पुत्र जगदीश कश्यप निवासी-ग्राम बलिया, थाना भमौरा फरार होने में सफल साबित हुआ। दोनों आरोपी झारखंड के लातेहार रेलवे स्टेशन के बाहर से अफीम खरीदते थे। अफीम खरीदकर वे इसे बस/ट्रेन से बरेली लाते थे। सोनू तस्करी के ग्राहकों से सौदा तय करता था। जितेश ‘माल’ लेकर तय स्थान पर पहुँचाता था। दोनों मुनाफा आपस में बांटते थे।पुलिस अब फरार आरोपी जितेश की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही है। पुलिस ने 604 ग्राम अवैध अफीम (कीमत लगभग 15 लाख रुपये) बरामद की है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल (अवैध माल ढुलाई में प्रयुक्त), एक मल्टीमीडिया मोबाइल फोन, 400 रुपये नकद बरामद किए हैं।
