बरेली देहात के मीरगंज में हेलीकॉप्टर की तकनीकी खराबी, फार्म में उतारा गया ALH, वायुसेना ने भेजी दूसरी टीम, गांव में मची अफरा-तफरी
बरेली : यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गोरा लोकनाथपुर में सोमवार को एक बड़ा हादसा टलते-टलते बच गया, जब भारतीय वायुसेना के एक ALH (Advanced Light Helicopter) में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने अपनी सूझबूझ और त्वरित निर्णय क्षमता से हेलीकॉप्टर को गांव के किसान नन्हे शर्मा के खेत में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। गनीमत यह रही कि न सिर्फ हेलीकॉप्टर को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, बल्कि उसमें सवार सभी अधिकारी और जवान भी पूरी तरह सुरक्षित रहे।
वायुसेना की तुरंत कार्रवाई, दूसरा हेलीकॉप्टर भेजा
जैसे ही बरेली एयरबेस पर इमरजेंसी की सूचना पहुँची, वायुसेना ने तुरंत एक दूसरा हेलीकॉप्टर मौके पर भेजा। वरिष्ठ अधिकारी खेत में पहुँचे और तकनीकी खराबी वाले हेलीकॉप्टर की प्राथमिक जांच शुरू की। ALH हेलीकॉप्टर शाम 6 बजे तक खेत में ही खड़ा रहा, जबकि उसमें सवार अधिकारी और जवान दूसरे हेलीकॉप्टर से वापस एयरबेस पहुँचाए गए। वायुसेना की तकनीकी टीम अब विस्तृत जांच में जुटी है कि खराबी किस हिस्से में आई थी। IAF की आधिकारिक प्रतिक्रिया रक्षा जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि “भारतीय वायुसेना का ALH हेलीकॉप्टर नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था। तकनीकी खराबी की वजह से बरेली के पास खेत में सुरक्षित और एहतियाती लैंडिंग की गई। पायलट की त्वरित कार्रवाई के कारण किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ। बचाव दल मौके पर भेज दिया गया है।”
ग्रामीणों में हड़कंप, पुलिस ने लिया मोर्चा
हेलीकॉप्टर को अचानक खेत में उतरते देख गांव और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में खेत पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा घेरा बनाने के लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुँचे। हेलीकॉप्टर के आसपास कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया गया ताकि किसी प्रकार की छेड़छाड़ या खतरा न हो।
गांव वालों ने कहा-“पहली बार खेत में हेलीकॉप्टर उतरा देखा”
स्थानीय लोगों ने बताया कि जैसे ही ऊपर चक्कर लगाता हेलीकॉप्टर नीचे आने लगा, उन्हें अचानक लगा कि शायद कोई बड़ा हादसा होने वाला है लेकिन पायलट ने जो कुशलता दिखाई, उससे सभी ने राहत की सांस ली।
