सपा प्रमुख ने कहा-एसआईआर ने बीजेपी को ही गिरा दिया अपने खोदे गड्ढे में, 2.89 करोड़ वोट कटने से मचा घमासान
लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश भाजपा में चल रही अंदरूनी कलह को लेकर बड़ा और तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा में मचा आपसी घमासान किसी तथाकथित ‘विद्रोही बैठक’ का नतीजा नहीं है, बल्कि इसकी असली वजह एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के तहत 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की खबर है, जो पहले ही भाजपा विधायकों के बीच फैल चुकी है।
भाजपा के 85-90 फीसदी वोटर कटे : अखिलेश यादव
उन्होंने कहा कि खुद मुख्यमंत्री के ही एक साल शेष रहने के दौरान यह चर्चा आम है कि कटे हुए वोटरों में से 85 से 90 प्रतिशत भाजपा के अपने वोटर हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक और गणितीय तरीके से समझाते हुए कहा कि“अगर 2.89 करोड़ में से सिर्फ 85 फीसदी भी मान लिया जाए तो लगभग 2 करोड़ 45 लाख 65 हजार वोट भाजपा के खाते से कम हो जाएंगे।”
403 सीटों पर सीधा असर, हर सीट पर 61 हजार वोट घटेंगे
सपा अध्यक्ष ने कहा कि जब इस आंकड़े को उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों से विभाजित किया जाता है तो यह साफ हो जाता है कि भाजपा को हर सीट पर औसतन 61 हजार वोट कम मिलेंगे। उन्होंने दावा किया कि“ऐसी स्थिति में भाजपा सरकार बनाना तो दूर, दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।
इसी डर से भाजपा में खुला विद्रोह
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि इसी डर और हताशा की वजह से भाजपा में एक-दूसरे पर आरोप -प्रत्यारोप, खुलेआम नोटिस, और अलग-अलग बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा विधायक यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि भाजपा सरकार उनकी नहीं सुन रही है। संगठन कोई मदद नहीं कर रहा
सहयोगी और संगी-साथी भी काम नहीं करवा पा रहे।
चुनाव से पहले सर्वे में होंगे फेल
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि जब चुनाव से पहले विधायकों के कामकाज के आधार पर सर्वे होगा, तो अधिकांश भाजपा विधायक फेल हो जाएंगे। यही कारण है कि वे अभी से अपनी सफाई देने में जुट गए हैं। महाभ्रष्टाचार का दाग, बदनामी के सिवा कुछ नहीं मिला। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा में चंद गिने-चुने लोगों द्वारा किए गए महाभ्रष्टाचार का खामियाजा उन विधायकों को भुगतना पड़ रहा है, जो अब असंतोष से विद्रोह के स्तर तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों के हिस्से में सिर्फ बदनामी की छींटें आई हैं, लाभ कुछ नहीं है।उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि “भाजपाई एसआईआर ने अपने ही खोदे गड्ढे में भाजपा को गिरा दिया है।”
सपा ने सादगी से मनाई महाराजा खेत सिंह खंगार जयंती

सपा के राज्य मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ में वीर शिरोमणि महाराजा खेत सिंह खंगार जी की जयंती सादगी और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने महाराजा खेत सिंह खंगार के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। अखिलेश यादव ने कहा कि महाराजा खेत सिंह खंगार महान योद्धा और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने पृथ्वीराज चौहान के साथ अनेक युद्ध लड़े और उनकी राजधानी गढ़कुंडार थी। खंगार वंश ने लगभग 165 वर्षों तक बुंदेलखंड (जिझौतिखंड) में शासन किया। इस अवसर पर दद्दू प्रसाद, मेघनाथ खंगार, सुनील सिंह यादव, दिवाकर सिंह खंगार सहित बड़ी संख्या में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
