गाजीपुर/लखनऊ : यूपी पुलिस ने मरहूम पूर्व विधायक एवं माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी पर बड़ा शिकंजा कस दिया है। गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद थाने की पुलिस ने रविवार को उमर अंसारी की हिस्ट्रीशीट खोल दी। पुलिस के मुताबिक उमर अंसारी IS-191 गैंग का सक्रिय सदस्य है, और जमीन कब्जा, धोखाधड़ी, जालसाजी व चुनावों के दौरान भड़काऊ भाषण जैसे मामलों में शामिल है। थाना प्रभारी राम सजन नागर ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उमर अंसारी की आपराधिक गतिविधियों के बारे में पुख्ता जानकारी सामने आई। इसी आधार पर उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई है, ताकि भविष्य में उसकी गतिविधियों पर और कड़ी निगरानी रखी जा सके।
उमर अंसारी के खिलाफ दर्ज मामले
गाजीपुर (मु.अ.सं. 245/2025) में धोखाधड़ी, साजिश और जमीन कब्जे का केस, मऊ (2022) में भड़काऊ भाषण और गैरकानूनी गतिविधियों का आरोप, लखनऊ (हजरतगंज) में धोखाधड़ी और संपत्ति क्षति से जुड़ा मामला दर्ज है। इसके अलावा, उमर अंसारी पर चुनाव आचार संहिता उल्लंघन और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप भी हैं।
क्यों खोली गई हिस्ट्रीशीट?
उमर पर आरोप है कि उसका नाम कई बार विवादों में आया है। मुख्तार अंसारी गैंग से रिश्ते लगातार सामने आने का पुलिस को शक है कि वह संगठित अपराध में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। पुलिस का कहना है कि हिस्ट्रीशीट खोलने के बाद उमर अंसारी की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
