मोदी सरकार का दिवाली गिफ्ट, दूध-दही पर राहत, नशे पर भारी टैक्स, युवाओं से सीएम योगी की अपील- नशे से दूर रहो, बनो भारत निर्माण का हिस्सा
लखनऊ : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ में ‘नमो मैराथन’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए जीएसटी रिफॉर्म को देशवासियों के लिए “दिवाली गिफ्ट” बताया। सीएम योगी ने कहा कि इस सुधार से युवाओं को नए रोजगार के अवसर मिलेंगे, और देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि जीएसटी काउंसिल ने 3 सितंबर को यह निर्णय लिया था, जो 22 सितंबर से पूरे देश में लागू हो जाएगा।
छात्रों और आम जनता को राहत

सीएम योगी ने कहा कि नए जीएसटी रिफॉर्म में छात्रों के लिए किताबें, शिक्षण सामग्री, दूध, दही, घी, पनीर और रोजमर्रा की वस्तुओं पर बड़ी राहत दी गई है। वहीं, नशे और फिजूलखर्ची वाली चीजों जैसे तंबाकू और शराब पर भारी टैक्स लगाया गया है।
युवाओं को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन

सीएम योगी ने बताया कि युवाओं की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बाइक, कार, घर, स्टील और सीमेंट जैसी जरूरत की चीजों पर छूट दी गई है। इससे न सिर्फ रोजगार सृजन होगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी मदद मिलेगी।
नशामुक्त भारत का संकल्प
‘नमो युवा रन’ की शुरुआत करते हुए सीएम योगी ने युवाओं से नशे की बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा – “नशा विनाश का कारण है, इसलिए युवा शक्ति को समाज को सकारात्मक दिशा देनी होगी।” इस अवसर पर उन्होंने भारत माता की जय के नारे लगवाकर युवाओं का हौसला बढ़ाया।
सेवा पखवाड़ा और पंच प्रण
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से 2 अक्तूबर तक पूरे देश में ‘सेवा पखवाड़ा’ चल रहा है। इसके अंतर्गत ‘नमो मैराथन’ का आयोजन 16 महानगरों में किया गया। सीएम योगी ने युवाओं को पंच प्रण याद दिलाते हुए कहा कि गुलामी के अवशेष मिटाने, अपनी विरासत का सम्मान करने, सेना और सुरक्षा बलों का आदर करने, सामाजिक समरसता बढ़ाने और नागरिक कर्तव्यों का पालन करने से ही ‘विकसित भारत’ का सपना पूरा होगा।
