प्रेम जाल से लेकर हैवानियत तक, बदायूं की नर्स की दर्दनाक कहानी
बरेली : यूपी के बदायूं की युवती, जो एक अस्पताल संचालक की हैवानियत का शिकार हुई थी, आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। शनिवार तक आरोपी डॉक्टर श्रीपाल को कोर्ट जेल भेजा जा चुका था, लेकिन अब पीड़िता की मौत के बाद पुलिस उस पर हत्या की धाराएं जोड़कर कार्रवाई करेगी।
जानें आरोपी डॉक्टर की करतूत
बरेली शहर की एक कॉलोनी में रहने वाला आरोपी डॉ. श्रीपाल एक निजी अस्पताल का संचालक है। तीन दिन पहले बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उसने हार्ट अटैक का बहाना बनाकर जिला अस्पताल में भर्ती होने की कोशिश की। पुलिस ने डिस्चार्ज के बाद उससे कड़ी पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आया।
ऐसे बनी नर्स से शिकार
मृतका बदायूं की रहने वाली नर्स थी और आरोपी के अस्पताल में काम करती थी। वहीं से दोनों की नजदीकियां बढ़ीं। परिवार को भनक लगी, तो 28 अप्रैल को युवती से इस्तीफा दिलवा दिया गया। इसके बाद आरोपी उसे संजयनगर ले गया और दोनों पति-पत्नी बनकर रहने लगे।
शादी की जिद और खौफनाक साजिश
जब युवती को आरोपी के शादीशुदा होने का सच पता चला तो उसने तलाक लेकर शादी करने की जिद पकड़ ली। इसी बात पर दोनों के बीच लगातार कलह बढ़ने लगी। इससे छुटकारा पाने के लिए आरोपी ने खौफनाक साजिश रची। 16 सितंबर को युवती ने पेट दर्द की शिकायत की। आरोपी डॉक्टर उसे कार से डोहरा रोड ले गया। रास्ते में उसे ढोकला और बर्गर खिलाए और फिर कार में ही नशे के दो इंजेक्शन लगा दिए। इसके बाद युवती की हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
अब बढ़ेंगी हत्या की धाराएं
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब इस मामले में हत्या की धाराएं (IPC 302) जोड़ी जाएंगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को और कड़ा किया जाएगा।
