ग्रेटर नोएडा/लखनऊ : यूपी के नोएडा की यमुना सिटी सेक्टर-25 स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में 27वीं मंजिल से गिरकर दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान आमिर (19 वर्ष) और सुहैल (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के मसूरी गांव निवासी थे और साइट पर UPVC ग्लास फिटिंग का कार्य कर रहे थे।
बिजली गुल, अंधेरे में फिसला पैर
हादसे के वक्त रात में अचानक बिजली चली गई। जिससे ऊंचाई पर कार्य कर रहे मजदूरों को कुछ दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ा और वे नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा के कोई नहीं थे इंतजाम
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर बिल्डर पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। आरोप है कि साइट पर न तो सुरक्षा बेल्ट थी, न ही पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था। परिजनों का कहना है कि अगर सुरक्षा उपाय होते, तो इस हादसे से बचा जा सकता था। आक्रोशित परिजनों ने मृतकों के शव रखकर एक घंटे तक हंगामा किया, और मांग की कि मृतकों के परिवार को आर्थिक मदद के साथ एक सदस्य को नौकरी दी जाए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
जानें क्या बोले इंस्पेक्टर
दनकौर कोतवाली प्रभारी ने मीडिया को बनाया कि यह हादसा 27वीं मंजिल से गिरने के कारण हुआ है। फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलते ही जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
