हरदोई/लखनऊ : खुशी की घड़ी पल भर में मातम में बदल गई, जब हरदोई जिले में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चे पानी से भरे खनन गड्ढे में डूबकर असमय काल के गाल में समा गए। घटना टड़ियावां क्षेत्र की है, जहां तीन बच्चे खेलने निकले थे और लौटे तो सिर्फ उनकी लाशें थीं। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। तीनों मृतक अवनीश (6 वर्ष), कार्तिक (7 वर्ष) और दुर्गेश (7 वर्ष) एक ही परिवार से थे। इनमें से कार्तिक और दुर्गेश अपनी-अपनी मां के साथ मायके आए थे, जहां उनके मामा के घर बेटे के जन्म की खुशी में शामिल होने पहुंचे थे।
बग़ीचे से खेत और मौत तक
यह तीनों बच्चे बग़ीचे में खेलने गए और उसके बाद एक ऐसे खेत की ओर बढ़े, जहां हाल ही में अवैध खनन हुआ था। वहीं बारिश का पानी भरने से एक बड़ा गड्ढा बन चुका था। यही गड्ढा उनकी मौत का कारण बन गया, जब बच्चे नहीं लौटे, तो तलाश शुरू हुई और खेत में पैरों के निशान पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। गड्ढे में तीनों बच्चे बेसुध पड़े थे।
बेसुध मांएं, बदहवास गांव
कार्तिक और दुर्गेश अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही उनकी मांएं महेश्वरी और अंबेश्वरी बिलख पड़ीं। गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है। एसडीएम सदर एसके मिश्रा ने बताया कि गड्ढे की खुदाई को लेकर जांच की जा रही है। अगर, खनन अनधिकृत या तय गहराई से अधिक किया गया हो, तो दोषियों पर कार्रवाई होगी। मृतकों के परिवार को दैवी आपदा राहत कोष से सहायता दिलाई जाएगी।
