हाथरस/लखनऊ: यूपी के हाथरस में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक 11 वर्षीय मासूम बच्चा, जो अपने परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए बस से जा रहा था। बस की खिड़की से झांकते वक्त ऐसे दर्दनाक हादसे का शिकार हुआ, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया।
सड़क पर पड़ी गर्दन देख सन्न रह गए लोग
घटना हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के कैलोरा के पास की है। मृतक बच्चा मोहम्मद अली अपने परिजनों के साथ एक शादी समारोह में जा रहा था। वह बस की खिड़की के पास बैठा था और बाहर झांक रहा था। उसी समय सामने से आ रही तेज़ रफ्तार टाटा 407 वाहन उसकी गर्दन से टकरा गई। जिससे गर्दन धड़ से अलग होकर सड़क पर जा गिरी।
बस रुकी, मातम फैल गया
बस में बैठे यात्री और परिजन इस भयानक दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गए। किसी को समझ नहीं आया कि चंद सेकेंड में हंसता-खेलता बच्चा कैसे जिंदगी से हाथ धो बैठा। परिजन बिलखते हुए नीचे उतरे और सड़क पर पड़ी बच्चे की गर्दन उठाई। कुछ ही देर में सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही रिश्तेदारों को मिली, शादी की रौनक पल भर में मातम में बदल गई। खुशियों से भरा माहौल शोकग्रस्त हो गया। गांव में भी गम का माहौल पसर गया। यह हादसा एक बड़ी सीख भी देता है कि किसी भी चलते वाहन में खिड़की से बाहर सिर या हाथ निकालना बेहद खतरनाक हो सकता है। खासकर बच्चों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता की ज़रूरत होती है।
