गोंडा/लखनऊ : यूपी के गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज तहसील क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना उस समय सामने आई, जब सरयू (घाघरा) नदी में भैंस नहला रहा एक किशोर मगरमच्छ की चपेट में आ गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा -तफरी मच गई और मातम का माहौल पसर गया।
मगरमच्छ ने दबोच लिया किशोर को

रविवार दोपहर बाद राजा बाबू यादव, निवासी चैलहन पुरवा बच्चीमाझा (ग्राम पंचायत सोनौली मोहम्मदपुर), अपने मवेशियों को सरयू नदी में नहला रहे थे। वह तटबंध भिखारीपुर सकरौर स्पर नंबर 5 के सामने नदी पार कर रहे थे, तभी पानी में मौजूद एक मगरमच्छ ने उन्हें पकड़ लिया और गहराई में खींच ले गया।
बचाने की कोशिश नाकाम, जुटी भीड़
स्थानीय लोगों ने किशोर को बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ का हमला इतना अचानक और तीव्र था कि कोई उसे रोक नहीं सका। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन मौके पर, गोताखोर तलाश में जुटे
सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव मोहन सहित प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। गोताखोरों की टीम किशोर की तलाश में नदी में जुटी हुई है।
स्थानीय भयभीत, मवेशी लेकर नदी जाने से हिचकिचा रहे लोग
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग मवेशियों को नदी में ले जाने से डरने लगे हैं। ग्रामीणों ने नदी में मगरमच्छों की बढ़ती संख्या को लेकर प्रशासन से सुरक्षा के उपाय और निगरानी की मांग की है।
