नई दिल्ली : 28 जुलाई को संसद के मानसून सत्र में केंद्र सरकार’ऑपरेशन सिंदूर’ पर दोनों सदनों में विशेष चर्चा करेगी। लोकसभा में यह बहस रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अगुआई में शुरू होगी। जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। वहीं 29 जुलाई को राज्यसभा में इस मुद्दे पर बहस की शुरुआत होगी। सूत्रों के अनुसार, दोनों सदनों में 16 घंटे की गहन बहस की योजना है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत की सैन्य ताकत और सीमा सुरक्षा पर उठाए गए कदमों की विस्तार से चर्चा होगी।
विपक्ष से सरकार का आग्रह: पहले मांग की, अब मत रोको!
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष को चेताया है कि “जिस मुद्दे की मांग विपक्ष कर रहा था। अब उस पर चर्चा हो रही है। इसलिए संसद की कार्यवाही को बाधित न किया जाए।”उन्होंने कहा कि पहले ही हफ्ते में केवल एक ही विधेयक पारित हो पाया है, और विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है। “हम हर विषय पर चर्चा को तैयार हैं, लेकिन सबकुछ एक साथ नहीं हो सकता।”
न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को हटाने की प्रक्रिया
इस बहस के साथ ही लोकसभा में न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को हटाने का प्रस्ताव भी लाया जाएगा। रिजिजू ने बताया कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते लोकसभा में यह कार्यवाही शुरू होगी और इसके बाद राज्यसभा में स्थानांतरित की जाएगी।
