जौनपुर/मुंबई/लखनऊ : मुंबई के नाला सोपारा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जौनपुर निवासी विजय चौहान को उसकी पत्नी चमन ने प्रेमी मोनू शर्मा के साथ मिलकर मार डाला। हत्या इतनी निर्मम थी कि उसे तीन टुकड़ों में काटकर उसी कमरे में टाइल्स के नीचे दफना दिया गया और ऊपर बेड लगवा दिया गया। हत्या की वजह बनी एक ‘थप्पड़’। विजय ने 2 जुलाई को अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देख लिया था और गुस्से में थप्पड़ मार दिए थे। इसके बाद पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने चमन और मोनू को गिरफ्तार कर लिया है।
मां ने पहले ही किया था आगाह, फिर भी बच न सका बेटा
विजय की मां धनपत्ती देवी ने बताया कि जब वह इलाज के लिए मुंबई में थीं, तब उन्होंने बहू को प्रेमी मोनू के साथ कई बार देखा था। शक जताया और बेटे को आगाह किया, पर सब बेकार साबित हुआ। 2 जुलाई को विजय ने मां को फोन कर कहा“मां, तुम सही थीं। मैंने खुद चमन को मोनू के साथ देखा, और उसे थप्पड़ मारे।” इसके कुछ ही दिन बाद विजय की निर्मम हत्या हो गई।
विजय की बहन बोलीं-“ऐसे किरदार की कल्पना भी नहीं की थी”
मृतक की बहन बबीता का कहना है, “भाभी के इस रूप की कल्पना तक नहीं की थी। पिछले एक साल से उनके व्यवहार में बदलाव था, लेकिन इस हद तक जाएंगी—यह नहीं सोचा।”विजय के बैंक खाते में 10 लाख रुपये थे और वह राजमिस्त्री का काम करता था। मुंबई में उसने अपनी पत्नी के साथ अलग रूम लिया था ताकि भाईयों में मतभेद न हो।
पुलिस जांच जारी, कई परतें खुलनी बाकी
मुंबई पुलिस अब इस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। क्या हत्या की वजह सिर्फ थप्पड़ थी? या आर्थिक संपत्ति भी इसका कारण बनी?
