बरेली : यूपी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश अंसारी शुक्रवार को बरेली पहुंचे, और ABVP द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके नेताओं पर जमकर हमला बोला।
गुमराह करो और राज करो

मंत्री अंसारी ने सपा को ‘नकारात्मक राजनीति’ की प्रतीक बताया और कहा कि “पहले अंग्रेज कहते थे फूट डालो और राज करो, आज वही काम समाजवादी पार्टी कर रही है। ये लोग भ्रम फैलाकर सत्ता पाना चाहते हैं। ये आधुनिक भारत के ब्रिटिश हैं।”उन्होंने सपा प्रमुख के उस ट्वीट का जवाब भी दिया। जिसमें आरोप लगाया गया था कि “प्रदेश में 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद हो गए और शराब की दुकानें बढ़ गईं।” अंसारी ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा सिर्फ जनता को बरगलाने का काम करती है।
मस्जिद में सियासत पर दी चेतावनी
दिल्ली में समाजवादी नेताओं द्वारा मस्जिद में बैठक करने पर दानिश अंसारी ने विरोध जताया और कहा कि “मैं खुद मुस्लिम हूं, लेकिन मस्जिद सिर्फ इबादत के लिए है, राजनीति के लिए नहीं। जो लोग वहां मीटिंग कर रहे हैं, उन्हें माफी मांगनी चाहिए।”
एबीवीपी और आरएसएस की तारीफ
मंत्री ने मंच से ABVP और RSS की प्रशंसा करते हुए कहा कि “इन संगठनों ने हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है। ये युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जगाते हैं, लेकिन कुछ वर्ग इन्हें बदनाम करने की कोशिश करते हैं।”उन्होंने छात्रों और युवाओं से अपील की “देश को जोड़ने वाली विचारधारा को अपनाएं, और समाज को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएं।”प्रतिभा सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं के दर्जनों मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों के परिजन, शिक्षाविद, और एबीवीपी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
