मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या की साजिश अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची। इस खौफनाक साजिश का खुलासा होते ही न सिर्फ पुलिस बल्कि परिवार और इलाके के लोग भी हैरान रह गए। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी ननदोई और दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है।
मामला मुरादाबाद के थाना क्षेत्र का है। गोधी गांव निवासी 45 वर्षीय अख्तर अली 27 जनवरी की सुबह दुकान का सामान लेने रामपुर दोराहा गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 30 जनवरी की शाम सिरसवां गौड़ के पास नहर में अख्तर अली का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया मामला हादसे का लग रहा था, लेकिन परिजनों को कुछ संदेह हुआ।
अख्तर अली के भाई अफसर अली ने अपनी भाभी शबीना समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और जब कड़ियां जोड़ी गईं तो कहानी पूरी तरह बदल गई। जांच में सामने आया कि अख्तर अली की पत्नी शबीना के अपने ही ननदोई अल्ताफ से अवैध प्रेम संबंध थे। अल्ताफ अख्तर का सगा साला था और अख्तर की गैरमौजूदगी में अक्सर उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान शबीना और अल्ताफ के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
जब अख्तर अली को इस रिश्ते की भनक लगी तो उसने इसका विरोध किया और दोनों के मिलने-जुलने पर पाबंदी लगाने की कोशिश की। यही बात शबीना और अल्ताफ को नागवार गुजरी। इसके बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया। योजना के तहत तय किया गया कि अख्तर अली को शराब पिलाकर नहर में फेंक दिया जाएगा, ताकि यह लगे कि वह नशे की हालत में गिरा और डूबकर मर गया।
27 जनवरी की रात अल्ताफ ने अपने दो दोस्तों रंजीत और सतपाल के साथ मिलकर अख्तर अली को शराब पिलाई। जब वह पूरी तरह नशे में हो गया तो चारों ने मिलकर उसे नहर में धक्का दे दिया। हत्या के बाद आरोपी आराम से घर लौट आए, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस की सख्त पूछताछ में पूरा मामला खुल गया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शबीना, उसके प्रेमी अल्ताफ और उसके दो साथियों रंजीत व सतपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मंगलवार की शाम सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
