अहिल्यानगर (महाराष्ट्र)/ लखनऊ : महाराष्ट के अहिल्यानगर जिले के कोरहाले गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 30 वर्षीय अरुण सुनील काले ने गुस्से में आकर पहले अपने चार मासूम बच्चों को कुएं में फेंका, और फिर खुद भी छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान अरुण सुनील काले (30 वर्ष), बेटी शिवानी (9 वर्ष),बेटे प्रेम (7 वर्ष), वीर (6 वर्ष), और कबीर (5 वर्ष) के रूप में हुई है।
पत्नी से हुआ था झगड़ा
प्रारंभिक जांच में पता चला कि अरुण का अपनी पत्नी शिल्पा से झगड़ा हुआ था। पत्नी मायके (येओला, नासिक) चली गई थी, और लौटने से इनकार कर रही थी। इसी बात से परेशान होकर अरुण ने शनिवार को बच्चो कटवाने के बहाने बुलाया, और उन्हें कुएं में धक्का दे दिया। इसके बाद वह खुद भी कुएं में कूद गया।
पत्नी ने किया था मोबाइल ब्लॉक
रहाटा तालुका के कोरहाले गांव पहुंचने पर अरुण ने पत्नी को कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया और नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इसी के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना का पता तब चला जब ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और पास में खड़ी मोटरसाइकिल से पहचान की। सूचना मिलते ही राहता थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पांचों शव कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। पुलिस ने बताया कि पत्नी से पूछताछ में पता चला कि अरुण ने पहले भी आत्महत्या की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
