अमरोहा/लखनऊ : यूपी के अमरोहा जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान दिल को झकझोर देने वाला हादसा हो गया। संभल जिले से ब्रजघाट गंगाजल लेने जा रहे तीन कांवड़ियों की बाइक को दिल्ली हाईवे के ओवरब्रिज पर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। अनुज (22 वर्ष), और नितिन (21 वर्ष) निवासीफतेहउल्लागंज रहटौल, थाना हजरत नगर गढ़ी, जनपद संभल, अनिकेत को गंभीर स्थिति में हायर सेंटर को रेफर किया गया है।
जानें कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों कांवड़िये बाइक पर सवार होकर ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसमें भी कांवड़िए सवार थे, ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की एक हेडलाइट बंद थी, जिससे रात के अंधेरे में वाहन की पहचान मुश्किल हो रही थी। डीजे पर तेज़ धार्मिक गाने बज रहे थे। जिससे कांवड़िए झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार कांवड़िए ट्रैक्टर को भगाकर मौके से फरार हो गए।
