मथुरा / हरिद्वार/लखनऊ : कांवड़ यात्रा की भीड़ और भक्ति के बीच एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। हरिद्वार में गंगाजल लेने गए डाक कांवड़िये की अचानक सीने में तेज़ दर्द के बाद मौत हो गई। युवक की पहचान शिवा उर्फ कछुआ (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मथुरा के भगवती रोड स्थित बाल्मीकि बस्ती का निवासी था।
जानें क्या हुआ
जानकारी के मुताबिक, 18 जुलाई को शिवा अपने दोस्तों के साथ डाक कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार गया था। रविवार दोपहर, जब टोली गंगाजल भरने के लिए हर की पैड़ी पहुंची, तभी शिवा ने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। साथियों ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार और मोहल्ले में मातम
शिवा की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और मोहल्ले वालों को मिली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। डाक कांवड़ियों की टोली शव को हरिद्वार से कोसी लेकर लौट रही है। बस्ती में लोग स्तब्ध हैं कि इतना जवान और फिट नजर आने वाला युवक अचानक कैसे चला गया।
