गाजियाबाद/लखनऊ : दिल्ली -एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों के लिए राहत की खबर है। हिंडन सिविल टर्मिनल से अब बेंगलुरु, कोलकाता, वाराणसी, इंदौर, चेन्नई, अहमदाबाद, पटना, गोवा और मुंबई जैसे नौ बड़े शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू हो गई हैं। इस सेवा का शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने किया। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री UDAN योजना को नई गति देने वाला ऐतिहासिक कदम है।
जाम और लंबी दूरी के सफर से निकी निजात
अब घरेलू उड़ानों के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता नहीं होगी। वेस्ट यूपी और NCR के यात्रियों को ट्रैफिक, भीड़ और लंबी दूरी से राहत मिलेगी। यात्रा में समय और पैसे दोनों की बचत होगी। व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
यहां से इन शहरों का सफर
हिंडन एयरपोर्ट से बेंगलुरु,कोलकाता, वाराणसी, इंदौर, चेन्नई, अहमदाबाद, पटना, गोवा, और मुंबई के लिए फ्लाइट उड़ान भरेगी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “यह केवल उड़ानों की शुरुआत नहीं, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने का मिशन है। हमारा उद्देश्य है कि आम आदमी भी हवाई यात्रा का लाभ उठा सके।”हिंडन टर्मिनल अब दिल्ली के विकल्प के रूप में उभरेगा और गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ व आसपास के लाखों लोगों के लिए यह सुविधा साबित होगी।
