बेलगावी (कर्नाटक)/नई दिल्ली : शनिवार को बेलगावी से मुंबई जा रही स्टार एयर (Star Air) की फ्लाइट में बड़ा हादसा टल गया। उड़ान के दौरान विमान के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। हालांकि, पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से विमान को सुरक्षित रूप से बेलगावी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवा लिया गया। इस फ्लाइट में 48 यात्री सवार थे। उनकी जान बाल-बाल बची।
जानें क्या है पूरा मामला
फ्लाइट ने शनिवार सुबह 7:50 बेलगावी से उड़ान भरी, और इसे 8:50 बजे मुंबई पहुंचना था। मगर, उड़ान के दौरान इंजन में तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। पायलट ने तुरंत समस्या को भांपते हुए बेलगावी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। इसके बाद एयरलाइन ने यात्रियों को आश्वासन दिया और दोपहर 2:30 बजे तक वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की। हालांकि, तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है।
अचानक क्यों बढ़ रहे हैं ऐसे मामले
पिछले कुछ महीनों में फ्लाइट्स में लगातार तकनीकी खराबी के मामले सामने आ रहे हैं। यात्रियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हाल ही में अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे में 260 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि विमानन कंपनियों को सुरक्षा और मेन्टेनेन्स पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
