बरेली: सेंट्रल जेल इज्जतनगर में सोमवार रात सजा काट रहे एक कैदी की तबीयत अचानक बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शीशगढ़ थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव निवासी 61 वर्षीय इकबाल के रूप में हुई है। उसकी मौत से जेल परिसर और परिवार दोनों में कोहराम मच गया।
हत्या के मामले में काट रहे थे सजा
जानकारी के अनुसार, इकबाल पिछले चार साल से अपनी दूसरी पत्नी निशा की हत्या के मामले में सजा काट रहा था। वे हृदय रोग से पीड़ित था और इज्जतनगर सेंट्रल जेल में बंद था।
रात में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुई मौत
जेल सूत्रों के मुताबिक, सोमवार रात अचानक इकबाल की तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर था मृतक, पीछे छोड़ा परिवार
परिजनों ने बताया कि इकबाल पेशे से डॉक्टर था और अपने पीछे पहली पत्नी व चार बच्चों को छोड़ गए हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल बन गया।
जेल प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही थाना बिथरी चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृतक का पंचनामा भरवाया गया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। फिलहाल आगे की जांच की जा रही है।
