बरेली: थाना विशारतगंज क्षेत्र में जल निगम की टंकी निर्माण साइट पर अचानक एक बड़ा हादसा हो गया। गांव मुशर्रफपुर निवासी 25 वर्षीय मजदूर श्री ओम की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई।
निर्माण कार्य के दौरान अचानक फिसला पैर

जानकारी के अनुसार, श्री ओम हरदोई जिले के थाना शाहाबाद क्षेत्र के नगला नाथा गांव में जल निगम द्वारा बनवाई जा रही टंकी के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। काम के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे करीब 50 फीट ऊंचाई से नीचे जा गिरे। गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
बरेली लाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल श्री ओम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन बरेली पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक श्री ओम अपने पीछे पत्नी सुमन और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनो का कहना है कि श्री ओम ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मेहनत पर ही परिवार चलता था।
गांव में शोक, मुआवजे की मांग
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
