तरनतारन : पंजाब के तरनतारन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तरनतारन के गांव उस्मा स्थित एक लॉ कॉलेज में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने क्लासरूम के अंदर छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इस खौफनाक वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृत छात्रा की पहचान 20 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है, जो नौशहरा पन्नुआं की रहने वाली थी और लॉ कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी युवक की पहचान प्रिंस राज सिंह के रूप में हुई है, जो गांव मालियां का निवासी था। बताया जा रहा है कि प्रिंस भी इसी कॉलेज का छात्र था। घटना के समय क्लासरूम में अन्य छात्राएं भी मौजूद थीं। जैसे ही फायरिंग हुई, क्लास में चीख-पुकार मच गई और छात्राएं जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक पिस्टल लेकर कॉलेज पहुंचा था। उसने पहले संदीप कौर के सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने दोबारा पिस्टल लोड की और अपनी कनपटी पर सटाकर खुद को गोली मार ली। कुछ ही पलों में क्लासरूम खून से लथपथ हो गया। इस भयावह दृश्य को देखकर वहां मौजूद छात्राएं सदमे में आ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज परिसर को सील कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी युवक पिस्टल कॉलेज तक कैसे लेकर पहुंचा और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी।
इस घटना ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बिना किसी रोक-टोक के युवक हथियार लेकर कॉलेज परिसर और क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया। क्या कॉलेज में सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं थे या फिर लापरवाही बरती गई। इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही संदीप कौर के परिवार के सदस्य भी कॉलेज पहुंच गए। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए होते तो शायद यह घटना रोकी जा सकती थी।
हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद कॉलेज प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी मौके से नदारद बताए जा रहे हैं। कॉलेज प्रबंधन के फरार होने से भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू को गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।
