दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेह जा रही SpiceJet की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान के इंजन में चिंगारी दिखाई दी। इसके बाद पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए विमान को वापस दिल्ली लाने का फैसला लिया। यह फ्लाइट लेह के लिए रवाना हुई थी, जिसमें करीब 150 यात्री सवार थे। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विमान की आपात लैंडिंग कराई गई।
IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान, सभी यात्री सुरक्षित
रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान को Indira Gandhi International Airport पर सुरक्षित उतार लिया गया। समाचार एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह की है। फ्लाइट नंबर एसजी-121 दिल्ली से लेह के लिए रवाना हुई थी। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली है।
इंजन में तकनीकी खराबी, जांच जारी
बताया जा रहा है कि यह विमान Boeing कंपनी का Boeing 737 मॉडल था। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि तकनीकी खराबी के कारण विमान को एहतियातन दिल्ली वापस लाया गया। प्रवक्ता के अनुसार, कॉकपिट में आग लगने की कोई चेतावनी जारी नहीं हुई थी। विमान संचालन पर नजर रखने वाली वेबसाइट FlightRadar24 के अनुसार फ्लाइट ने सुबह 6:21 बजे टेकऑफ किया था। फिलहाल, आपात लैंडिंग के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
