फतेहपुर/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फतेहपुर में एक दिन पहले की घटना पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, और उसके सहयोगी जब भी जनता के बीच अपनी पोल खुलती देखते हैं, तो सौहार्द बिगाड़ने की साज़िश रचते हैं।
भाजपाई चाल जनता समझ चुकी है: अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा “जब-जब भाजपा और उनके संगी साथियों की पोल खुलने लगती है, तब-तब सौहार्द बिगाड़ने की साज़िश की जाती है। जनता अब इस भाजपाई चाल को समझ गयी है। अब ऐसी करतूतों में जनता न तो अटकेगी और न ही इन घटनाओं से भटकेगी।”उन्होंने व्यंग्य करते हुए पूछा कि क्या इस घटना के दोषियों की पहचान “लखनऊ के ड्रोन करेंगे या दिल्लीवालों के ड्रोन”। अखिलेश ने अंत में सामाजिक एकता को मज़बूत करने की अपील करते हुए कहा, “सामाजिक एकता ज़िंदाबाद!”
असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश
फतेहपुर की घटना ने स्थानीय और राज्य स्तर पर सियासी हलचल बढ़ा दी है। विपक्ष का आरोप है कि भाजपा जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए इस तरह की घटनाओं को हवा देती है, जबकि भाजपा इन आरोपों को सिरे से खारिज करती रही है।
