पुवायां के मुड़िया कुर्मियात गांव में हादसा, मलबे में दबकर 27 वर्षीय राजन और दो साल के आरव की मौत; काजल गंभीर घायल
शाहजहांपुर: पुवायां थाना क्षेत्र के मुड़िया कुर्मियात गांव में सोमवार सुबह बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक मकान का लिंटर अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे में 27 वर्षीय राजन और उनके दो वर्षीय भतीजे आरव की मौत हो गई, जबकि राजन की पत्नी काजल गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।
बताया गया कि गांव निवासी अरविंद ने करीब एक महीने पहले ही मकान का निर्माण कराया था। उनके पड़ोस में राजाराम का कच्चा मकान है। रविवार रात से हो रही बारिश के दौरान राजाराम के मकान की कच्ची दीवार ढह गई। इसके बाद अरविंद के मकान की सिंगल ईंट की दीवार भी मलबे का भार नहीं सह सकी और मकान का लिंटर नीचे आ गिरा।
हादसे के समय अरविंद के भाई राजन कोरी, उनकी पत्नी काजल और बेटा आरव मकान के नीचे बैठे हुए थे। अचानक लिंटर गिरने से तीनों मलबे के नीचे दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक राजन और दो वर्षीय आरव की मौत हो चुकी थी।
हादसे में घायल काजल को तत्काल बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से मुड़िया कुर्मियात गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाने के साथ राहत और आगे की कार्रवाई की जा रही है।