काफिले के सामने काले कपड़े लहराने और नारेबाजी का आरोप, वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के काफिले के सामने कथित तौर पर काले कपड़े लहराने और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाने के मामले में शाहजहांपुर पुलिस ने चार नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के अनुसार, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को शाहजहांपुर जिले की कलान तहसील के मीरजापुर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जलालाबाद थाना क्षेत्र के रौली बोली गांव के पास कुछ लोगों ने कथित रूप से काले कपड़े लहराए और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए।
घटना के बाद बुधवार देर रात पुलिस ने चार नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उसमें दिखाई देने वाले अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना का वीडियो फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक सड़क पर उतरकर काले कपड़े लहराते और उपमुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग लाल टोपी पहने भी नजर आ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है। वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।