शाही के ग्राम केरा में दर्दनाक हादसा, दो दिन पहले ही मायके से लौटी थी महिला, पति घटना के समय घर से बाहर था
बरेली : यूपी के बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र के ग्राम केरा में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में जर्जर मकान की छत गिरने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला अपने कमरे में सो रही थी। अचानक छत भरभराकर गिर गई और वह मलबे में दब गई। परिजन और ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सोते समय भरभराकर गिरी छत
पुलिस के मुताबिक, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम केरा में एक मकान की छत गिरने से महिला मलबे में दब गई है। सूचना पर शाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी गोविंद राम की पत्नी मुन्नी देवी (32) बुधवार शाम अपने कमरे में आराम कर रही थीं। इसी दौरान मकान की जर्जर छत अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मलबा हटाकर निकाला, अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर मुन्नी देवी को बाहर निकाला गया और तत्काल बरेली के अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो दिन पहले ही मायके से लौटी थीं
मृतका के जेठ जयवीर ने बताया कि घटना के समय मुन्नी देवी के पति गोविंद राम किसी काम से मीरगंज गए हुए थे। उन्होंने बताया कि जिस चारपाई पर मुन्नी देवी सो रही थीं, वह भी छत गिरने से पूरी तरह टूट गई। परिवार के अनुसार, मुन्नी देवी दो दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल लौटी थीं। उनकी कोई संतान नहीं थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में जर्जर मकानों को लेकर सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
