बहेड़ी के युवक ने वीडियो में परिवार का किया जिक्र, कहा- ‘मामला किसी लड़की से जुड़ा नहीं’
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक 38 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। युवक ने घटना से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उसने परिवार से जुड़ी अपनी बातें कही और स्पष्ट किया कि उसका कदम किसी प्रेम प्रसंग से जुड़ा नहीं है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो पोस्ट करने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के अनुसार, बहेड़ी क्षेत्र के नवायल गांव निवासी राजीव गंगवार (38 वर्ष) ने गुरुवार दोपहर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी मां उन पर भरोसा नहीं करतीं और उनकी बात नहीं मानतीं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनका मामला किसी लड़की से जुड़ा नहीं है। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। टोल प्लाजा के पास मिला युवक परिजनों और पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, युवक का शव नैनीताल हाईवे पर मुड़िया टोल प्लाजा के आगे मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने का प्रतीत होता है। मृतक की ठोड़ी पर हल्की चोट का निशान भी मिला है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
