एमएचईए ने जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्योगों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए, ट्रैफिक और फायर स्टेशन पर भी हुई चर्चा
मुरादाबाद: मोरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (एमएचईए) के अध्यक्ष नवेदुर्रहमान ने बताया कि 23 जुलाई 2026 को आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्योगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एमएचईए के संरक्षक नजमुल इस्लाम भी मौजूद रहे और उन्होंने अध्यक्ष नवेदुर्रहमान के साथ मिलकर विभिन्न प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखे।
बैठक में फैक्ट्रियों में बंदरों के बढ़ते आतंक को गंभीर समस्या बताते हुए इसके समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि उद्योगों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
एमएचईए की ओर से पुरानी औद्योगिक इकाइयों के लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) से नक्शा स्वीकृत कराने संबंधी प्रस्ताव भेजने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके साथ ही मजोला क्षेत्र में जैन मंदिर के पास फायर स्टेशन स्थापित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
बैठक में संभल रोड और दिल्ली रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
एमएचईए पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जिला उद्योग बंधु की बैठक में उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन सकारात्मक कार्रवाई करेगा, जिससे उद्योगों को राहत मिलेगी और औद्योगिक गतिविधियों को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
रिपोर्ट : रेहान, मुरादाबाद