कछला जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष फोकस, गड्ढे भरने, जलभराव हटाने, पेयजल और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
बरेली : श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने बदायूं रोड का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा नहीं होनी चाहिए। दरअसल, बरेली के अधिकांश कांवड़िये बदायूं के कछला घाट से गंगाजल लेने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। वर्तमान में बदायूं रोड पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी जारी है।
तत्काल करें गड्ढों की मरम्मत

डीएम ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य और यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, जलभराव वाले स्थानों का शीघ्र निस्तारण करने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, कांवड़ियों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने, मार्ग पर समुचित प्रकाश व्यवस्था करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कांवड़ यात्रा मार्ग की हो निगरानी

डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों से कहा कि यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, खंड विकास अधिकारी क्यारा, लोक निर्माण विभाग, एनएचआई तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराना है।
