जयमाल समारोह से लौटते समय बरेंडा मोड़ पर हुआ हादसा, टक्कर इतनी भीषण कि दोनों 25 फीट दूर जा गिरे, मौके पर ही मौत
शाहजहांपुर : जिले के कांट-जलालाबाद मार्ग पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार साले-बहनोई की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों शादी समारोह से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार इको वैन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, जलालाबाद क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी 30 वर्षीय ब्रह्म सिंह और तिलहर के सरैया गांव निवासी 25 वर्षीय अंशुक शनिवार को कांट क्षेत्र के भंडेरी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जयमाल कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
25 फीट दूर जाकर गिरे दोनों युवक
जैसे ही दोनों कांट थाना क्षेत्र के बरेंडा मोड़ पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार इको वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 25 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
मोबाइल से परिजनों को दी गई सूचना
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सड़क से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर पहुंचे परिजन शवों को देखकर बिलख पड़े।
पुलिस जांच में जुटी
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। मामले में तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
