दिल्ली रोड स्थित होटल हॉलिडे रीजेंसी में हुआ भव्य आयोजन, प्रदेशभर के निर्यातकों ने उद्योग हित में एकजुट होकर साथ चलने का लिया संकल्प
मुरादाबाद: शहर के निर्यात उद्योग के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। दिल्ली रोड स्थित होटल हॉलिडे रीजेंसी के क्रिस्टल बॉलरूम में एक्सपोर्टर्स वॉइस एसोसिएशन (ईवीए) का औपचारिक शुभारंभ ‘एक आवाज, एक सोच’ के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हस्तशिल्प क्लस्टरों के निर्यातकों और औद्योगिक संगठनों ने एक मंच पर आकर उद्योग हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
एमएसएमई मंत्री ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान आगरा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फिरोजाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़, मेरठ, संभल, वाराणसी सहित विभिन्न क्षेत्रों के निर्यातकों और बाइंग एजेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उद्योग हित में हुए कई अहम एमओयू
समारोह के दौरान विभिन्न संस्थाओं के बीच सहयोग और समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से कई एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। वक्ताओं ने इसे प्रदेश के निर्यात उद्योग को एकजुट करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
सरकार हरसंभव सहयोग करेगी: भूपेंद्र सिंह चौधरी
एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुरादाबाद ने हस्तशिल्प और निर्यात के क्षेत्र में देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। यहां के निर्यातकों ने लाखों लोगों को रोजगार देने के साथ देश के लिए विदेशी मुद्रा अर्जित कर अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग जगत को परिवार मानकर कार्य कर रही है और निर्यातकों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उद्योग से जुड़े सभी मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी दुखद घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
नई कार्यकारिणी का हुआ गठन
आईईएमएल के चेयरमैन एवं ईपीसीएच के चीफ मेंटर राकेश कुमार ने इस पहल को समय की आवश्यकता बताते हुए एसोसिएशन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। संरक्षक सुधीर त्यागी ने बोर्ड विस्तार की घोषणा की, जबकि महासचिव विशाल अग्रवाल ने सभी निर्यातकों को साथ लेकर उद्योग की समस्याओं के समाधान का संकल्प दोहराया। चेयरमैन अनूप शंखधार ने अतिथियों का स्वागत किया और कोषाध्यक्ष रजत सिंघल ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ उद्योग जगत की कई विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।
रिपोर्ट:रेहान,मुरादाबाद
