गोरखपुर से शुरू हुआ प्रदेशव्यापी महाअभियान, सीएम ने त्रिवेणी और मौलश्री का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर से प्रदेशव्यापी 35 करोड़ पौधरोपण महायज्ञ 2026 का शुभारंभ किया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भगवानपुर टोल प्लाजा के समीप पवित्र त्रिवेणी (नीम, पीपल और बरगद) का पौधा लगाया तथा बाद में आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड पर मौलश्री का पौधरोपण भी किया।
धरती माता की सेवा का महायज्ञ बताया
गीडा सेक्टर-28 में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का महायज्ञ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
नौ वर्षों में बढ़ा वनाच्छादन
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, उद्योग और शहरीकरण के साथ-साथ वनाच्छादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में 242 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं और इस वर्ष के अभियान के बाद यह संख्या 275 करोड़ तक पहुंच जाएगी।
कार्बन डाइऑक्साइड कम करने में मिली सफलता
सीएम योगी ने बताया कि वन क्षेत्र बढ़ने से प्रदेश में 6.37 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड का अवशोषण और 4.63 करोड़ टन ऑक्सीजन का उत्सर्जन हुआ है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ सैकड़ों टन कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जलवायु परिवर्तन पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति के साथ लगातार हो रहे खिलवाड़ का असर मौसम चक्र पर साफ दिखाई दे रहा है। बारिश समय पर नहीं हो रही, जिससे कृषि उत्पादन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित पेड़ों की कटाई, जल संरक्षण की अनदेखी और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के कारण पूरी दुनिया जलवायु संकट का सामना कर रही है।
हर व्यक्ति से की पौधा लगाने और उसकी देखभाल की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार, पूर्वजों और मां की स्मृति में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी नियमित देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि खेतों में अधिक पौधरोपण करने वाले किसानों को कार्बन क्रेडिट फाइनेंस योजना के तहत आर्थिक लाभ भी दिया जा रहा है।
किसानों और लाभार्थियों को सम्मानित किया
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को पौधे वितरित किए तथा कार्बन क्रेडिट योजना के तहत अधिक पौधरोपण करने वाले किसानों को प्रमाण पत्र भी सौंपे। इस अवसर पर ‘उत्तर प्रदेश के नौ वर्ष की हरित गाथा’ लघु फिल्म और वानिकी कैलेंडर का भी विमोचन किया गया।
वन मंत्री बोले- यूपी बना हरियाली का मॉडल
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हरियाली बढ़ाने के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष लगाए जा रहे पौधों में लगभग 30 प्रतिशत फलदार पौधे शामिल हैं।
