हापुड़ : हापुड़ में दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने चावल व्यापारी से 64 लाख रुपये की लूट को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। यह सनसनीखेज घटना पिलखुवा थाना क्षेत्र के दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे पर जीएस मेडिकल कॉलेज के सामने बने फ्लाईओवर की है, जहां महज दो मिनट में बदमाश वारदात कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी की पहचान राकेश राजपूत के रूप में हुई है, जो राजस्थान के सीकर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। राकेश राजपूत हापुड़ में अपने कारोबारी साझेदार विभव शुक्ला के पास 64 लाख रुपये लेने आए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह रुपयों से भरा बैग लेकर बाइक से दिल्ली लौट रहे थे।
जैसे ही राकेश पिलखुवा हाईवे पर जीएस मेडिकल कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया। अचानक आगे स्कूटी अड़ाकर बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि राकेश कुछ समझ पाते, एक बदमाश ने तमंचा निकालकर उनके सिर पर तान दिया, जबकि दूसरा बदमाश रुपयों से भरा बैग छीनने लगा।
राकेश राजपूत ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में बैग छोड़ने से मना किया, जिस पर बदमाशों ने उन्हें धक्का देना शुरू कर दिया और गोली मारने की धमकी दी। डर और जान का खतरा देखते हुए बदमाशों ने झटके से बैग छीना और स्कूटी से दिल्ली की ओर फरार हो गए। इस दौरान तीसरा बदमाश स्कूटी स्टार्ट कर पहले से तैयार बैठा था, जिससे साफ है कि वारदात पूरी तरह से सुनियोजित थी।
लूट की घटना के बाद राकेश ने शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, बदमाश फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात को अंजाम देने में बदमाशों को महज दो मिनट का समय लगा। सूचना मिलते ही पिलखुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। पुलिस ने हाईवे और आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने भी बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि लूटकांड के खुलासे के लिए कुल 8 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। शहर से लेकर बाहरी इलाकों तक नाकाबंदी कर दी गई है और बदमाशों की तलाश लगातार की जा रही है। एडीजी ने यह भी बताया कि सभी संभावित रूटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके फरार होने की दिशा का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही गल्ला व्यापारी और पीड़ित से भी गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बदमाशों को पैसे की जानकारी पहले से थी या नहीं।
इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हाईवे पर इतनी बड़ी लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी वर्ग ने पुलिस से जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूट की पूरी रकम बरामद की जाएगी। लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें अब पुलिस का डर नहीं रहा?
