रामपुर : यूपी पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल अरुण शुक्ला का शव गुरुवार को सिविल लाइंस क्षेत्र की गंगापुर आवास विकास कॉलोनी स्थित उनके किराये के कमरे में फंदे पर लटका मिला। अरुण शुक्ला रामपुर एसपी कार्यालय में बड़ी पेशी पर तैनात थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी अनिल सिसौदिया और एएसपी अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
फोन नहीं उठाने पर साथी सिपाही कमरे पर पहुंचा
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को अरुण शुक्ला ड्यूटी पर मौजूद थे। दोपहर करीब तीन बजे वह खाना खाने के लिए कमरे की ओर गए थे, लेकिन शाम तक वापस ड्यूटी पर नहीं लौटे। इस बीच परिजनों ने उन्हें फोन किया। कई बार फोन करने के बावजूद जब अरुण से संपर्क नहीं हो सका तो परिवार ने उनके साथी सिपाही नितिन से संपर्क किया। नितिन गंगापुर स्थित अरुण के कमरे पर पहुंचा तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। अरुण का शव फंदे पर लटका हुआ था। साथी सिपाही ने तत्काल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की।
शाहजहांपुर के रहने वाले थे अरुण शुक्ला
अरुण शुक्ला मूलरूप से शाहजहांपुर जनपद के बंडा क्षेत्र के नारायणपुर गांव के रहने वाले थे। वर्ष 2005 में उन्होंने बदायूं से पुलिस विभाग में भर्ती होकर अपनी सेवा शुरू की थी। कुछ समय पहले उनका परिवार बरेली में शिफ्ट हो गया था। उनकी मां और भाई बरेली में रहते हैं। करीब एक साल पहले अरुण का बरेली से रामपुर तबादला हुआ था, जिसके बाद वह रामपुर एसपी कार्यालय में तैनात थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रामपुर के लिए रवाना हो गए। पुलिस अधिकारियों ने अरुण के साथी पुलिसकर्मियों से भी बातचीत कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
पत्नी से तलाक का विवाद भी जांच में सामने आया
पुलिस की शुरुआती जांच में अरुण शुक्ला के पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उनका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। फैमिली कोर्ट से तलाक होने के बाद उनकी पत्नी ने हाईकोर्ट का रुख किया था। अरुण का एक बेटा भी है, जो अपनी मां के साथ रहता है। बताया गया है कि कोर्ट के आदेश के तहत अरुण अपनी पत्नी को हर महीने 25 हजार रुपये गुजारा भत्ता दे रहे थे। हालांकि, पुलिस जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि पारिवारिक विवाद का घटना से कोई संबंध था या नहीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रक्षाबंधन से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अरुण शुक्ला की मौत की खबर सामने आते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रामपुर के लिए रवाना हो गए। रक्षाबंधन के पर्व पर जहां परिवार में भाई को राखी बांधने और त्योहार मनाने की तैयारियां होनी थीं, वहीं अचानक आई मौत की खबर से खुशियां मातम में बदल गईं। अरुण की मौत की जानकारी मिलने के बाद उनकी पत्नी भी रामपुर पहुंचीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
